अम्मा की कहानियाँ

 

jiji-06-m.gif

 

एक चतुर खरगोश

 

शेर जंगल का राजा कहलाता है। हैं ना। एक शेर था बहुत शैतान खोपड़ी। वह खाता तो एक जानवर था पर मारता था कई जानवर जंगल के जानवरों ने कहा अरे भई इस तरह तो हम सबके सब मर जायेंगे। शेर खाता तो एक जानवर है पर मार देता है कई सारे जानवर। उन लोगों ने विचारा कि उन्हें क्या करना चाहिये। उन लोगों ने यह निर्णय लिया कि एक जानवर रोज बारी-बारी से शेर की गुफा में जायेगा और शेर उसको मार कर खा जायेगा। बाकी सब जानवर जिन्दा बचेंगे। यह कार्यक्रम चलता रहा।

एक दिन एक खरगोश की बारी थी। वह तो बड़ा होशियार खरगोश था। वह तो आराम से घूमता-घामता शेर की गुफा के लिये निकला। बहुत देर लगा कर शेर के पास पहुँचा। शेर तो भूखा बैठा था। जैसे ही खरगोश शेर के पास पहुँचा शेर खरगोश पर दहाड़ा। एक तो तुम इतने पतले दुबले छोटे जानवर हो और ऊपर से इतनी देर से आये हो। लेकिन वह खरगोश तो बहुत होशियार था। उसने कहा जंगल के राजा मैं तो आपकी आज्ञा मानने वाला जानवर हूँ। मैं तो आपके पास आने के लिये बहुत समय से घर से निकल गया था। लेकिन रास्ते में मुझे एक और शेर मिल गया मैंने उससे कहा कि मेरे राजा तो दूसरे शेर हैं वो ही मुझे खा सकते हैं। उसने कहा मैंने तुझे पहले देखा है मैं तुझे खाऊँगा। बहुत मुश्किल से भाग कर आपके पास पहुँच पाया हूँ।

शेर ने खरगोश से कहा मैं तेरी बात नहीं मानता। मुझे दूसरा शेर दिखा। खरगोश शेर को घूमता घुमाता एक गहरे कुएँ के पास ले आया। खरगोश ने कहा राजा जी आपको आता देख  यह दूसरा शेर कुएँ के अन्दर कूद गया है। शेर तो गुस्से से पागल हो रहा था। उसने सोचा ही नही कि कोई शेर कुएँ में क्यों कूदेगा। शेर को कुएँ में अपनी परछाँई दिखी। शेर जोर से दहाड़ा। निकलो बाहर। थोड़ी देर बाद कुएँ के अन्दर से आवाज आयी निकलो बाहर।अब तो शेर और जोर से दहाड़ा। कुएँ में से और जोर से आवाज आयी। शेर को इतनी जोर का गुस्सा आया कि वह अपनी परछाँई को दूसरा शेर समझ कर कुएँ में कूद गया। कुएँ में गहरा पानी था। शेर डूब कर मर गया।

सब जानवरों ने खरगोश की बहुत बड़ाई की और कहा तुमने हम सब की जान बचायी है। तुम बहुत होशियार खरगोश हो।

INDEX

HOMEPAGE